तंबौर/सीतापुर 10 अप्रैल (आरएनएस)। कस्बे की बिजली व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है। लहरपुर से जुड़ी तंबौर पावर हाउस की 33 केवी लाइन में लगातार फाल्ट आने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। बीते दो दिनों में करीब 14 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे कस्बा सहित सैकड़ों गांव अंधेरे में डूबे रहे। हालत यह है कि हल्की हवा या मामूली बारिश होते ही बिजली गुल हो जाती है। पावर हाउस से जुड़े पांच फीडरों के करीब दो हजार उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को तेज हवा के बाद करीब 8 घंटे और गुरुवार रात मेन लाइन फेल होने से 6 घंटे बिजली बाधित रही। शुक्रवार सुबह से अंडरग्राउंड केबल खराब होने से आपूर्ति ठप है। ग्रामीण क्षेत्र बेहटा फीडर के दर्जनों गांवों में 20 घंटे से बिजली नहीं पहुंची। उपभोक्ताओं ने उच्चाधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

