अमरेली (गुजरात),10 अपै्रल (आरएनएस)। गुजरात के अमरेली जिले और उसके आसपास के तटीय इलाकों में एक बार फिर भूकंप के झटकों ने लोगों को डरा दिया है. सिस्मोलॉजी डिपार्टमेंट के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 3.7 दर्ज की गई है. इसका केंद्र (एपीसेंटर) महुवा के पास जमीन के भीतर रिकॉर्ड किया गया. राहत की बात यह है कि इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है.
मिली जानकारी के अनुसार, अमरेली के राजुला, जाफराबाद और पीपावाव समेत पूरे तटीय इलाके में रात करीब 2:24 बजे अचानक धरती हिलने लगी. उस वक्त लोग गहरी नींद में सो रहे थे. तेज झटके महसूस होते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घबराकर अपने घरों से बाहर खुले मैदान की तरफ भागने लगे. भूकंप के बाद रात भर लोग एक-दूसरे को फोन और मैसेज कर सुरक्षित होने की जानकारी लेते रहे.
इस भूकंप का सबसे ज्यादा असर राजुला, जाफराबाद, पीपावाव, खंभा और सावरकुंडला क्षेत्र में देखने को मिला है. स्थानीय लोगों के अनुसार, झटके इतने तेज थे कि घरों में रखा सामान तेजी से हिलने लगा. राजुला शहर से खबर आ रही है कि कुछ घरों की दीवारों में दरारें भी पड़ गई हैं. इस बीच सोशल मीडिया पर भूकंप के समय का एक लाइव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कंपन साफ तौर पर देखा जा सकता है.
राहत की बात यह है कि इस प्राकृतिक आपदा में अभी तक किसी भी प्रकार की जनहानि या किसी के घायल होने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है. स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखे हुए हैं. एक्सपर्ट्स और अधिकारियों ने स्थानीय जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, सतर्क रहें और किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत नजदीकी प्रशासन से संपर्क करें.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

