जौनपुर 10 अप्रैल (आरएनएस )। सुरेरी क्षेत्र के बासुपुर काजीहद मार्ग स्थित नूरपुर बाजार में अधूरे नाले के चलते गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे आमजन, दुकानदारों व स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जमा दुर्गंधयुक्त पानी से जहां लोगों का चलना दूभर हो गया है, वहीं संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है। जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 56 की जिला पंचायत सदस्य डॉ. सुनीता वर्मा के प्रस्ताव पर वर्ष 2024-25 में 7 लाख रुपये की लागत से 150 मीटर लंबे नाले का निर्माण स्वीकृत हुआ था, लेकिन किसी कारण से कार्य अधूरा ही छोड़ दिया गया। बाजारवासियों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। जिससे आक्रोशित होकर शुक्रवार को स्थानीय लोगों व बाजार में संचालित पन्नालाल गुप्त इंटरमीडिएट कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने वार्ड संख्या 56 के जिला पंचायत सदस्य व निर्माण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़क पर भरे गंदे पानी में राहगीर व स्कूली छात्र फिसलकर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। साथ ही जरूरी कार्य से निकलने वाले लोगों के कपड़े गंदे हो जाने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ता है।प्रदर्शन में प्रमुख रूप से पन्नालाल गुप्त इंटर कॉलेज के प्रबंधक डॉ. सुभाष चंद्र गुप्ता, रामकुमार गुप्ता, नीरज गुप्ता, सुशील मौर्य, नंदलाल राजभर, अरविंद , पुनवासी माली, शिवलाल , मुन्ना राजभर, पन्नालाल गुप्त विद्यालय के छात्र व छात्राओं सहित अन्य लोग मौजूद रहे ।इस संबंध में वार्ड नंबर 56 की जिला पंचायत सदस्य डॉ. सुनीता वर्मा ने बताया कि कुछ विवाद के कारण नाले का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो सका है, जिसे शीघ्र ही पूरा कराया जाएगा। वहीं जिला पंचायत के जेई अशोक सिंह ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के समर्थक द्वारा पुलिया बनाकर नाले का पानी नदी तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया था, उसी की प्रतीक्षा की जा रही थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

