जौनपुर 10 अप्रैल (आरएनएस )। सुरेरी क्षेत्र के सिठुपुर गांव में गुरुवार को खेत किनारे लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट होने से निकली चिंगारी खेत में गिर गई, जिससे रमेश बहादुर सिंह पुत्र स्व. सीताराम सिंह के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब एक बीघा गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा के चलते आग तेजी से फैल गई, जिससे किसान को संभलने का मौका नहीं मिला। ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। इस आगजनी से किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीडि़त किसान को मुआवजा देने की मांग की है।मौके पर पहुंचे लेखपाल साहब लाल पटेल ने मौका मुआयना किया और संबंधित रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजने की बात कही।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जर्जर बिजली तारों व ट्रांसफार्मरों के कारण अक्सर ऐसी घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

