ऑर्थोपेडिक्स डाक्टर्स का दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तर सम्मेलन आज से
प्रयागराज 10 अपै्रल (आरएनएस)। ऑर्थोपेडिक्स के क्षेत्र में ज्ञान और तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक राष्ट्रीय स्तर का सिम्पोजियम आयोजित किया जा रहा है। सेंट्रल जोन मिड-टर्म सिम्पोजियम एमटीएस सेज़कान 2026 का आयोजन 11 और 12 अप्रैल को होटल कान्हा श्याम में होगा। इस दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर के विशेषज्ञ नवीनतम उपचार पद्धतियों पर चर्चा करेंगे।
आयोजन सचिव डॉ. पीयूष मिश्रा ने प्रेसवार्ता में बताया कि सम्मेलन में मैंगलोर, मुंबई, पंजाब, पटना और नई दिल्ली सहित विभिन्न शहरों से प्रतिष्ठित फैकल्टी शामिल होंगी। इनमें डॉ. शिवाशंकर, डॉ. डी. डी. तन्ना, डॉ. आरती, डॉ. अमूल्य, डॉ. रवि मित्तल (एम्स), डॉ. सी. एस. यादव, डॉ. ए. एन. वर्मा, डॉ. राकेश चंद्रा, डॉ. निमिष, डॉ. मनीषी बंसल, डॉ. अक्षत चंद्रा और डॉ. कपिल कुलश्रेष्ठ जैसे अनुभवी ऑर्थो सर्जन प्रमुख हैं।
उन्होंने बताया कि इन विशेषज्ञों के व्याख्यानों में आधुनिक सर्जिकल तकनीकों, रोबोटिक सर्जरी और मिनिमल इनवेसिव प्रक्रियाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। आयोजन अध्यक्ष डॉ. के. डी. त्रिपाठी के अनुसार, युवा ऑर्थोपेडिक सर्जनों के लिए व्यावहारिक कौशल को मजबूत करने हेतु हैंड्स-ऑन वर्कशॉप और प्रैक्टिकल सेशन भी आयोजित किए गए हैं। इस सम्मेलन में लगभग 200 डेलीगेट्स और 30 से 40 राष्ट्रीय स्तर के फैकल्टी मेंबर्स के शामिल होने की उम्मीद है। ये विशेषज्ञ एम्स, पीजीआई चंडीगढ़, कोलकाता और मुंबई के प्रतिष्ठित अस्पतालों से आएंगे, जिससे चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञान का व्यापक आदान-प्रदान संभव होगा।
डॉ मिश्रा ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य नई चिकित्सा तकनीकों को बढ़ावा देना है, जो मरीजों के दर्द को कम करने और तेजी से रिकवरी में सहायक होती हैं। यह आयोजन न केवल युवा डॉक्टरों के लिए सीखने का मंच बनेगा, बल्कि चिकित्सा क्षेत्र में नेटवर्किंग और नवाचार को भी प्रोत्साहित करेगा। इंडियन ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के सेंट्रल ज़ोन के इस सम्मेलन में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के विशेषज्ञ भी भाग लेंगे, जिससे क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर चिकित्सा सहयोग को नई दिशा मिलेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

