सीतापुर 10 अप्रैल (आरएनएस)। कोतवाली देहात क्षेत्र के नैपालापुर इलाके में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां रिटायर्ड पुलिसकर्मी के बेटे ने मामूली विवाद में लैब टेक्नीशियन की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। आरोपी शिवेश सिंह 40 वर्ष ने अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से सतीश यादव (35) के सिर में गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी हालत गंभीर हो गई। जानकारी के मुताबिक, मकान के ग्राउंड फ्लोर पर ब्लड बैंक संचालित होता है, जिसकी देखरेख आरोपी करता था। मृतक सतीश यादव, जो आजमगढ़ का निवासी था, वहीं लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत था और पहली मंजिल पर अन्य कर्मचारियों के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात किसी बात को लेकर शिवेश और सतीश के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के बाद शिवेश गुस्से में अपने पिता के कमरे में गया और अटैची से लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल लाया। इसके बाद उसने बिना कुछ सोचे-समझे सतीश के सिर पर गोली चला दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही घर में सो रहे परिजन और अन्य कर्मचारी घबरा कर नीचे पहुंचे, जहां सतीश खून से लथपथ जमीन पर पड़ा मिला। घायल सतीश को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया और हत्या में प्रयुक्त रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया है। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। वहीं, मृतक सतीश यादव करीब दो महीने पहले ही लखनऊ की नौकरी छोड़कर सीतापुर आया था और यहीं कार्य कर रहा था। सीओ सदर नेहा त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक सूचना आत्महत्या की मिली थी, लेकिन मौके पर पहुंचकर जांच करने पर मामला हत्या का निकला। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनकी तहरीर का इंतजार किया जा रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

