सीतापुर 10 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद के विकास खंड कसमण्डा अंतर्गत कस्बा कमलापुर में नहर चौराहे के निकट बने आकर्षक सेल्फी प्वाइंट का शुक्रवार को भव्य उद्घाटन किया गया। खंड विकास अधिकारी कसमण्डा राकेश कुमार श्रीवास्तव और महोली ग्राम प्रधान धर्मेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। नेशनल हाईवे पर ब्लॉक मुख्यालय के दूसरे गेट के किनारे बने इस सेल्फी प्वाइंट ने कस्बे की सुंदरता में चार चांद लगा दिए हैं। रंग-बिरंगी रोशनी से सजा यह स्थान शाम होते ही लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। खासतौर पर युवा वर्ग में इसका खासा उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ हाईवे से गुजरने वाले राहगीर भी यहां रुककर सेल्फी लेने का आनंद उठा रहे हैं। उद्घाटन के मौके पर सहायक विकास अधिकारी पंचायत संजय सिंह, प्रधान बेहणा बैकुण्ठपुर शूफियान खान, प्रधान सुल्तानपुर मारूफ विनोद प्रकाश मौर्य, जेई शिवकुमार पटेल, सचिव विवेक कुमार, अनुराग कुमार, गनेश कुमार, अरुण कुमार मिश्रा, नवनीत मिश्रा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस पहल को स्थानीय विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि ऐसे प्रयासों से कस्बे की पहचान और आकर्षण दोनों बढ़ेंगे, साथ ही युवाओं को एक सकारात्मक और रचनात्मक माहौल भी मिलेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

