सीतापुर 10 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद में बड़ागांव बिजली उपकेंद्र की मांग को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक पिंदर सिंह सिद्धू के नेतृत्व में फलाहारी मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में करीब 56 गांवों से आए किसानों ने भाग लिया और क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। किसानों ने एक स्वर में बड़ागांव में बिजली उपकेंद्र निर्माण को सबसे बड़ी जरूरत बताया। उनका कहना है कि बिजली व्यवस्था कमजोर होने से बच्चों की पढ़ाई, पेयजल आपूर्ति और खेती-किसानी पर गंभीर असर पड़ रहा है। सिंचाई की पर्याप्त सुविधा न होने से फसलें प्रभावित हो रही हैं, वहीं बढ़ती गर्मी ने आम जनजीवन को और कठिन बना दिया है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समस्याओं के समाधान के लिए आगामी 13 अप्रैल को जिलाधिकारी सीतापुर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। इस मौके पर राकेश विशाल अवस्थी, मुकेश अवस्थी, प्रधान बच्चन, कुनिंदर यादव, विनीत सिंह, शंकर सिंह, विक्रम गौतम, धर्मेंद्र सिंह साहित सकैडो लोग मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

