तंबौर/सीतापुर 10 अप्रैल (आरएनएस)। कस्बे के मोहल्ला गोडिय़न टोला में प्रधानमंत्री आवास के निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। विवादित भूमि पर आवास आवंटन के बाद निर्माण शुरू होते ही पुराने मुकदमे को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि मृतक छोटे पुत्र भासू की संपत्ति को लेकर उनके कथित परिवार और भांजे ब्रजमोहन पुत्र रामभरोसे के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद आवास योजना के तहत पटवारी पुत्र मद्दर को बिना स्पष्ट स्वामित्व प्रमाण के पात्र घोषित कर पहली किस्त जारी कर दी गई। निर्माण कार्य शुरू होते ही ब्रजमोहन ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई और ब्रजमोहन का सिर फट गया। घायल पक्ष ने पटवारी और उसके पुत्रों संजय व मलखे के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फिलहाल निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद आवास आवंटन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

