सीतापुर 10 अप्रैल (आरएनएस)। विकास खण्ड पहला स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्रा के साथ कथित बदसलूकी और उत्पीडऩ का गंभीर मामला सामने आया है। बिलौली बाजार निवासी ओमप्रकाश की पुत्री शिवानी, जो विद्यालय में हाईस्कूल की छात्रा है, ने आरोप लगाया है कि विद्यालय की तीन शिक्षिकाएंकृप्रियंका, अनुराधा और मानसीकृउससे झाड़ू-पोछा सहित निजी कार्य करवाती हैं। विरोध या काम में कमी होने पर गाली-गलौज, दंड स्वरूप पूरे दिन खड़ा रखना और नाम काटने की धमकी दी जाती है। पीडि़त छात्रा का आरोप है कि उसे दो दिन तक भोजन नहीं दिया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। शुक्रवार को तबीयत खराब होने पर विद्यालय प्रशासन ने परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया। इमरजेंसी में तैनात डॉ. फिरोज के अनुसार छात्रा चक्कर और बेहोशी की हालत में पहुंची थी तथा उसने दो दिन से भोजन न करने की बात कही। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी पुष्पराज सिंह ने मामले से अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि विद्यालय का नियमित निरीक्षण किया जाता है और छात्राओं की समस्याओं के समाधान के प्रयास किए जाते हैं। घटना ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

