बाराबंकी ,11 अपै्रल (आरएनएस)। शहर कोतवाली क्षेत्र में दहेज उत्पीडऩ का शिकार महिला की ससुराल में जमकर पिटाई की गई, इसके बाद जान लेने की नीयत से छत से नीचे फेंक दिया गया। गंभीर दशा में महिला को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शेखपुर अलीपुर की रहने वाली जेबा परवीन ने तहरीर में बताया कि उसका निकाह 25 मार्च 2022 को महमूद आलम निवासी ग्राम गदिया के साथ हुआ था, रुखसती 21 नवंबर 2024 को हुई। रुखसती के कुछ समय बाद ही उसका पति सऊदी अरब चला गया। ससुराल वालों ने एक लाख रुपये की मांग को लेकर उसे परेशान करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती और पति भी फोन पर तलाक देने की धमकी देता रहा। आरोप है कि 30 मार्च को दोपहर सास, ननद और अन्य परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर जेबा के साथ बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उसे छत से नीचे फेंक दिया। जिससे उसका एक पैर व कई दांत टूट गए और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। आरोप है कि ससुराल वाले उसे अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

