दमकल नहीं पहुंची तो किसानों ने खुद बुझाई आग
बाराबंकी ,11 अपै्रल (आरएनएस)। घुंघटेर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धौरहरा और अखईपुर में शनिवार दोपहर अचानक गेहूं के खेतों में आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी आग ने तेज हवाओं के चलते कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों में खड़ी सूखी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 150 बीघा गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। इस अग्निकांड में दिग्विजय, सोहन समेत कई किसानों की साल भर की मेहनत राख में बदल गई। घटना के बाद पीडि़त किसान मौके पर अपनी बर्बाद फसल को देखकर बिलखते नजर आए। आग लगने की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई थी, लेकिन दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में ग्रामीणों और किसानों ने खुद ही मोर्चा संभालते हुए ट्रैक्टरों में हैरो लगाकर खेतों की जुताई शुरू की, जिससे आग को आगे बढऩे से रोका जा सका। कई किसानों ने अपनी बोरिंग से पानी निकालकर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल की गाड़ी समय पर न पहुंचने को लेकर किसानों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते फायर ब्रिगेड पहुंच जाती, तो इतना बड़ा नुकसान टाला जा सकता था। इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है, क्या आपातकालीन सेवाएं ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं?
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

