बाराबंकी ,11 अपै्रल (आरएनएस)। शहर के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित छाया चौराहे पर टंडन बेकरी में शुक्रवार देर रात आग लग गई। इस घटना में बेकरी के भीतर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। समय रहते धुएं पर लोगों की नजर पडऩे से एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात जब दुकान बंद थी, तभी स्थानीय लोगों ने शटर के भीतर से काला धुआं निकलते देखा। अनहोनी की आशंका पर तत्काल दुकान संचालक को सूचना दी गई। दुकान मालिक के मौके पर पहुंचने और शटर खोलने पर भीतर आग की लपटें दिखाई दीं, जिससे हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों और दुकान कर्मियों ने अपने निजी संसाधनों का उपयोग कर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने से पहले ही बेकरी के अंदर रखे महंगे तैयार उत्पाद, फर्नीचर और कच्चा माल जलकर नष्ट हो चुके थे। दुकानदार के अनुसार, इस अग्निकांड में लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि आग आसपास की अन्य दुकानों तक नहीं फैली। आग लगने का स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है, लेकिन प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट को ही इसकी मुख्य वजह माना जा रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

