जयपुर,11 अपै्रल (आरएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा भेदभाव की राजनीति करती है और इस बार पीडीए समुदाय भाजपा को हराने जा रहा है। समाजवादी पार्टी पीडीए की एकजुटता के बल पर भाजपा को सत्ता से हटाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी समाज में सौहार्द, तरक्की और खुशहाली के लिए लगातार कार्य कर रही है और आगे भी करती रहेगी।शनिवार को जयपुर में विजन इंडिया कार्यक्रम के तहत आयोजित हरमोनियस हेरिटेज समिट के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि सौहार्द से ही अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली आती है। समाज में सामंजस्य होगा तो विकास, भाईचारा और बराबरी का वातावरण बनेगा।अखिलेश यादव ने कहा कि पूज्यनीय शंकराचार्य कई नकली संतों का मुकाबला कर रहे हैं। उनकी बहादुरी और साहस सराहनीय है। समाजवादी पार्टी उनका सम्मान करती है और आगे भी अवसर मिलने पर उनका आशीर्वाद लेकर आगे बढ़ेगी।उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है और भाजपा के इशारे पर कार्य कर रहा है। भाजपा ने विशेष पुनरीक्षण के दौरान धांधली की साजिश रची और फर्जी हस्ताक्षर कर फार्म-7 के माध्यम से समाजवादी पार्टी के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का षड्यंत्र किया। बड़े पैमाने पर फर्जी फार्म भरवाए गए, लेकिन समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पीडीए प्रहरियों ने इस फर्जीवाड़े को पकड़ लिया। समाजवादी पार्टी ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धीकरण तभी संभव होगा जब भाजपा सरकार जाएगी और इस बार पीडीए समुदाय भाजपा को हराने का काम करेगा।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा चुनाव आयोग के माध्यम से हर राज्य में विपक्ष को परेशान कर रही है, लेकिन उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के संघर्ष से भाजपा खुद परेशान हो गई है। उन्होंने बताया कि नई मतदाता सूची जारी होने के बाद समाजवादी पार्टी प्रत्येक बूथ पर जांच करेगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी मतदाता के साथ गड़बड़ी न हुई हो।उन्होंने भाजपा सरकार पर प्रदेश को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अवैध कारोबार और नशे का व्यापार तेजी से बढ़ रहा है। लगभग हर जिले में गांजा पकड़ा जा रहा है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि यह आखिर कहां जा रहा है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन उत्तर प्रदेश में और मजबूत होगा।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने उत्तर प्रदेश में विकास का नया मॉडल प्रस्तुत किया था। आगरा-लखनऊ नियंत्रित मार्ग बनाकर समाजवादी सरकार ने जो दृष्टि दी, उसी का अनुसरण अब राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब देश में तीव्र गति मार्गों का कोई मानक नहीं था, तब समाजवादी सरकार ने रिकॉर्ड समय में सबसे बड़ा मार्ग तैयार किया था। ऐसा आधारभूत ढांचा बनाया गया कि आवश्यकता पडऩे पर उस मार्ग पर लड़ाकू विमान भी उतारे जा सकते हैं। इसी प्रकार पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली दी गई तथा डिजिटल असमानता समाप्त करने के उद्देश्य से छात्रों को 20 लाख लैपटॉप वितरित किए गए।उन्होंने भाजपा पर विरासत विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने पौराणिक परम्पराओं के जीवंत उदाहरण मणिकर्णिका घाट को ध्वस्त कराया तथा राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचाया। भाजपा अपने इतिहास को स्थापित करने के लिए पुरानी विरासत और इतिहास को मिटाना चाहती है, लेकिन जनता इस बार चुनाव में उन्हें जवाब देगी।प्रेस वार्ता में राजेन्द्र चौधरी, राजीव राय तथा अभिषेक मिश्र सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

