लखनऊ ,11 अपै्रल (आरएनएस)। थाना गुडम्बा क्षेत्रान्तर्गत विवेकानन्दपुरम में वर्ष 2025 में दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग की घटना में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार दिनांक 16 सितम्बर 2025 को विवेकानन्दपुरम क्षेत्र में रुपये के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था, जिसके दौरान दोनों पक्षों द्वारा जान से मारने की नीयत से असलहे से फायरिंग की गई थी। इस घटना में प्रथम पक्ष के आसिफ गाजी तथा द्वितीय पक्ष के आसिफ अली घायल हो गए थे।घटना के संबंध में प्रथम पक्ष के वादी यासीन पुत्र स्वर्गीय शाकीर अली निवासी विवेकानन्दपुरम कल्याणपुर पश्चिम द्वारा मुकदमा संख्या 381/2025 धारा 109(1), 115(2), 352, 351(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत आसिफ अली पुत्र अख्तर अली निवासी रामनाथ जनपद देवरिया सहित अन्य के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराया गया था। वहीं द्वितीय पक्ष के वादी आरिफ अली पुत्र अख्तर अली निवासी रामनाथ जनपद देवरिया द्वारा मुकदमा संख्या 383/2025 धारा 109(1), 125, 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत आसिफ गाजी, यासीन गाजी सहित अन्य के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराया गया था। यह विवाद रुपये के लेन-देन के कारण हुआ था।पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में मुकदमा संख्या 383/2025 से संबंधित एक वांछित अभियुक्त मोहम्मद आसिफ पुत्र स्वर्गीय शाकीर अली को पूर्व में 29 सितम्बर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। वहीं अभियुक्त यासीन गाजी पुत्र स्वर्गीय शाकीर अली घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।गैर-जमानती वारंट के अनुपालन में दिनांक 10 अप्रैल 2026 को थाना गुडम्बा पुलिस टीम द्वारा वांछित एवं वारंटी अभियुक्त यासीन गाजी पुत्र स्वर्गीय शाकीर अली, उम्र लगभग 31 वर्ष, निवासी मकान संख्या 53/54 विवेकानन्दपुरम कल्याणपुर पश्चिम को उसके निवास स्थान से रात्रि लगभग 9:30 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है तथा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक प्रकरण पंजीकृत हैं। वर्ष 2018 में मारपीट, हत्या के प्रयास, धमकी तथा वसूली से संबंधित प्रकरण थाना गुडम्बा में दर्ज है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2019 में थाना इन्दिरानगर में हत्या, अपहरण सहित गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत है तथा वर्ष 2019 में ही गिरोहबंद अधिनियम के अंतर्गत भी कार्यवाही की जा चुकी है। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक फनीश सिंह, आरक्षी कुलदीप कुमार तथा आरक्षी राहुल कुमार शामिल रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

