मिल्कीपुर-अयोध्या,11 अपै्रल (आरएनएस)। कुमारगंज थाना क्षेत्र के देवगांव चौकी अंतर्गत पालपुर गांव में शनिवार सुबह एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव उसके घर की छत पर कुण्डे से लटका हुआ पाया गया। मृतक की पहचान हेमराज पुत्र छोटे के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कुमारगंज थाना प्रभारी सुरेश कुमार पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। चौकी प्रभारी अशोक कुमार पाठक ने बताया कि परिजनों के अनुसार हेमराज ने घटना वाली शाम शराब का सेवन किया था। देर रात किसी बात को लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई, जिससे नाराज होकर पत्नी रात में ही अपने मायके चली गई। इसके बाद हेमराज छत पर सोने चला गया। सुबह जब मृतक की बेटी उसे जगाने के लिए छत पर पहुंची, तो उसने अपने पिता को कुण्डे से लटका हुआ देखा। यह देखते ही वह घबरा गई और शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के 6 बच्चे हैं। थाना प्रभारी सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

