अनुज सिंह के नेतृत्व में ट्रांसपोर्ट नगर में दिया जा रहा धरना, उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रयागराज,11 अपै्रल (आरएनएस)। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में सीवर लाइन और सड़क निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। धरने का नेतृत्व युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह कर रहे हैं। धरना स्थल पर किसानों, स्थानीय नागरिकों और भाकियू कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी देखी गई।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। बिना सीवर लाइन को सही तरीके से जोड़े ही सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे भविष्य में सड़क को दोबारा खोदने की स्थिति बन सकती है। इससे जहां एक ओर जनता को भारी असुविधा होगी, वहीं दूसरी ओर सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका भी जताई जा रही है।
भाकियू नेताओं ने इसे गंभीर भ्रष्टाचार का मामला बताते हुए कहा कि जब तक दोषी ठेकेदार का लाइसेंस निरस्त नहीं किया जाता और मुख्य अभियंता सहित जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मामले में ठोस और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

