मंडल में एक साल में 75.77 करोड़ रुपए के चावल का किया गया निर्यात
मंडल में 19 हजार मीट्रिक टन से अधिक का कृषि उत्पादों का हुआ निर्यात
प्रयागराज 12 अप्रैल (आरएनएस)। किसानों की आय बढ़ाने के लिए उनके कृषि उत्पादों के निर्यात में तेजी लाना आवश्यक है। किसान इसे लेकर अब खुद जागरूक हुए हैं। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की कृषि निर्यात नीति में दिए जा रहे प्रोत्साहन भी इसमें उपयोगी साबित हो रहे हैं। इसी का नतीजा है कि प्रयागराज मंडल में वित्तीय वर्ष 2025- 26 में कृषि उत्पादों के निर्यात में तेजी आई है। कृषि उत्पादों में भी चावल का पिछले वर्ष सबसे अधिक निर्यात हुआ है।
अपनी आय को बढ़ाने के लिए किसान स्थानीय मंडियों से आगे बढ़कर अब देश के बाहर अपने कृषि उत्पादों को भेजने में रुचि लेने लगा है। प्रयागराज मंडल में किसानों के रुख में आए इस बदलाव ने कृषि उत्पादों के निर्यात में रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी दर्ज की है। यहां के किसानों के अपने कृषि उत्पाद स्थानीय मंडियों से आगे जाकर कनाडा , यूके से लेकर दुबई और बांग्लादेश तक अपनी पहुंच बना चुके हैं।
प्रयागराज मंडल के सहायक कृषि विपणन अधिकारी डॉ दिनेश चंद्र का कहना है कि निर्यातकों एवं कृषकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने और किसानों की सोंच में आए बदलाव से मंडल के कृषि उत्पादों का निर्यात तेजी से बढ़ा है। वित्तीय वर्ष 2025 26 में प्रयागराज मंडल में कुल 19683.17 मीट्रिक टन कृषि उत्पादों का निर्यात किया गया है। इस अवधि में 79.95 करोड़ रुपए का निर्यात किसानों ने किया है।
प्रयागराज मंडल में कृषि उत्पादों के अंतर्गत आंवला , हरी सब्जियां , भिंडी, हरी मिर्च , मूंगफली और गैर बासमती चावल का मुख्य रूप से निर्यात किया गया है। प्रयागराज मंडल के सहायक कृषि विपणन अधिकारी डॉ दिनेश चंद्र का कहना है कि इस वित्तीय वर्ष में मंडल में गैर बासमती चावल का सर्वाधिक निर्यात किया गया है। वर्ष 2025- 26 मंडल में 19172.9 मीट्रिक टन चावल का निर्यात किया गया है। इसमें 75.77 करोड़ की विदेशी मुद्रा अर्जित हुई है। प्रतापगढ़ जिले की श्री राम ट्रेडर्स मिनी राइस मिल का इसमें सबसे बड़ा योगदान है। यह चावल नेपाल को निर्यात किया गया है। चावल के बाद मूंगफली का निर्यात सबसे अधिक हुआ है। इस अवधि में मीट्रिक टन मूंगफली का निर्यात हुआ है जिससे 2.96 करोड़ रुपए अर्जित हुए हैं। बांग्लादेश को मूंगफली का निर्यात हुआ है।
मार्च के महीने से मिडल ईस्ट की भौगोलिक सीमा में चल रही उथल पुथल से कृषि उत्पादों का निर्यात प्रभावित नहीं हुआ है। ईरान, अमरीका और इजरायल के बीच जारी संघर्ष पर इसका असर नहीं हुआ है। विभागीय अधिकारी बताते हैं कि मार्च 2026 में प्रयागराज मंडल में कुल 843 मीट्रिक टन कृषि उत्पादों का निर्यात हुआ है। इससे 3.26 करोड़ का निर्यात हुआ है। इस महीने दुबई और कनाडा को 3 मीट्रिक टन आंवला से बने उत्पाद निर्यात किए गए हैं जिनकी कीमत 0.66 करोड़ है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

