बदबू आने पर ग्रामीणों को हुई जानकारी
प्रयागराज 12 अप्रैल (आरएनएस)। मऊआइमा थाना क्षेत्र के बोड़ीपुर धरौता गांव में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला का शव चार दिन बाद घर से दुर्गंध आने पर बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की पहचान लल्ली देवी पाल (65 वर्ष) पत्नी नंद लाल पाल के रूप में हुई है। पड़ोसियों ने रविवार को उनके घर से तेज दुर्गंध आने पर अंदर झांका तो लल्ली देवी का शव छत में लगे बांस के सहारे फांसी पर लटका मिला। उनके शरीर में कीड़े पड़ चुके थे, जिससे पता चला कि मौत कुछ दिन पहले हुई थी।
ग्रामीणों के अनुसार लल्ली देवी बेहद गरीब थीं। उनके पति नंदलाल पाल 20 साल पहले मानसिक रूप से बीमारी के कारण होकर लापता हो गए थे, जिनका आज तक कोई पता नहीं चला। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। लल्ली देवी का बड़ा बेटा समर बहादुर पाल (42 वर्ष) दिल्ली में एक निजी कंपनी में काम करता है, जबकि छोटा बेटा राज बहादुर पाल मानसिक रूप से बीमार है। परिवार ने स्वयं सहायता समूह से कर्ज लेकर मकान बनाना शुरू किया था, लेकिन पैसे खत्म होने के बाद मकान अधूरा रह गया।
पड़ोसी राम जी पाल ने बताया कि लल्ली देवी पांच दिन पहले अपने घर के बाहर देखी गई थीं। घटना की सूचना तत्काल मऊआइमा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

