दो बाइक समेत हजारों का सामान जला, एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
प्रयागराज 12 अप्रैल (आरएनएस)। कीडगंज थाना क्षेत्र के के मधवापुर सब्जी मंडी स्थित होटल अवध इन में रविवार को भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलकर पूरे होटल परिसर में फैल गई, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। इससे रेस्टोरेंट के कर्मचारियों के साथ ही आसपास रहने वाले लोगों में खलबली मच गई। खबर पाकर मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दो बाइक समेत हजारों का सामान नष्ट हो चुका था।
मधवापुर सब्जी मंडी के रहने वाले विशाल कुमार श्रीवास्तव ने रेस्टोरेंट व कैफे खोल रखा है। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे रेस्टोरेंट में अचानक आग लग गई। विशाल ने देखा तो मदद की आवाज लगाई। रेस्टोरेंट के कर्मचारी पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश करने लगे, लेकिन आग थमने के बजाय और बढ़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग पहले होटल के एक हिस्से में लगी और देखते ही देखते पूरे भवन में फैल गई। इससे रेस्टोरेंट में रखा लाखों का सामान जल गया। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उनके शुरुआती प्रयास सफल नहीं हो सके।
दमकल विभाग की दो गाडिय़ां तत्काल मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। फायर ब्रिगेड की टीम के प्रयासों से आग को अन्य क्षेत्रों में फैलने से रोका जा सका।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। आग लगने के समय होटल में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जिससे किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। यह होटल बैरहना में गोल्डन मेडिसिन के बगल में स्थित है।
खबर पाकर अग्निशमन अधिकारी राजेश चौरसिया टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फिर आग पर काबू पाया गया। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आग किन कारणों से लगी, इसकी जांच की जा रही है। आशंका है कि शार्ट सर्किट से घटना हुई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

