प्रयागराज 12 अप्रैल (आरएनएस)। शिवकुटी थाना क्षेत्र में एक छात्र की बेरहमी से पिटाई करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिवकुटी थाने में पीडि़त के परिवार वालों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कर्नलगंज थाना क्षेत्र के स्टेनली रोड निवासी सचिन कुमार का 16 वर्षीय बेटा प्रांजल प्रकाश महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर तेलियरगंज शिवकुटी में 11वीं का छात्र है। आरोप है कि तीन दिन पहले पूर्व के छात्र शोभित मिश्रा, देवांश ठाकुर व शाश्वत शुक्ला कुछ अन्य लोगो के साथ वलेनो कार से आए। बहला फुसलाकर प्रांजल प्रकाश को कार में बैठाकर अपट्रान पुल के नीचे ले गए।
वहां झूठे आरोप लगाकर भद्दी भद्दी गाली दी। जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करते हुए बेरहमी से पिटाई की। पिस्तौल सटाकर जान से मार डालने की धमकी भी दी। जबरन मोबाइल लेकर मारपीट का कई वीडियो बनाया। कहा कि घर मे बताने और थाने पर शिकायत करने पर जान से मारकर लाश तक गायब करा देंगे। फिर कार से बाहर करके गोविन्दपुर चौराहे के पास छोड़कर भाग गए।
सचिन कुमार ने बताया कि प्रांजल को उसका दोस्त रुद्रांश साहू स्कूटी से घर पहुंचाया। पूरी घटना की जानकारी तब हुई जब लड़के के आंख और पूरे शरीर मे गंभीर चोट के निशान देखे। यह भी आरोप लगाया कि हमलवार कॉलेज में पढ़ाई कर चुके हैं। पूर्व मे भी प्रांजल से जबरन विवाद किए थे। उसी रंजिश को लेकर जानलेवा हमला किया गया। शिवकुटी पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

