राज्य मंत्री ने सपा व अखिलेश यादव पर साधा निशाना
प्रदेश की जनता को पीडीए पर भरोसा नहीं
प्रयागराज 12 अप्रैल (आरएनएस)। प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप का रविवार को सर्किट हाउस में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। कहा कि अखिलेश के शासनकाल में उत्तर प्रदेश तबाही की कगार पर पहुंचा। समाजवादी पार्टी से यहां की जनता को बड़ा खतरा है। भाजपा इस खतरे को भी खत्म करने की कोशिश में लगी है।
राज्यमंत्री ने पिछड़ा वर्ग कल्याण और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं। पूर्ववर्ती सपा सरकार और मौजूदा डबल इंजन की सरकार के तुलनात्मक आंकड़ों के आधार पर भी सपा मुखिया को आड़े हाथों लिया।
राज्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव ने एसआइआर को भी भाजपा का अभियान समझ लिया है। जबकि, पूरा देश जानता है यह चुनाव आयोग करा रहा है। एसआइआर के बाद अखिलेश यादव को चिंता खा रही है कि उन्हें फिर सत्ता से दूर रहना पड़ेगा। क्योंकि जनता ने डबल इंजन की सरकार के काम से प्रभावित है। दावा किया कि जनता ने मन बना लिया है कि वर्ष 2027 में खिलेगा तो कमल ही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का भरोसा पीडीए पर नहीं है। सपा ने चार शासन किया। जब सपा शासन में आती है तो परिवार की परिधि में सत्ता का हस्तांतरण होता है। प्रदेश की जनता अखिलेश यादव के झूठे वादों से अलर्ट है। उन्होंने कहा कि अखिलेश के शासनकाल में यूपी तबाही की कगार पर पहुंचा। गुंडागर्दी गली-कूचे तक पहुंच गई। आदमी का जीवन बसर करना मुश्किल हो गया। हिंदू-मुस्लिम के बवाल ने खूब फजीहत कराई। इसलिए प्रदेश की जनता को समाजवादी पार्टी से खतरा है। भाजपा की कोशिश है कि इस खतरे को हमेशा के लिए खत्म कर दिया जाए।
सीटों को लेकर घटक दलों के बीच मची खींचतान को लेकर राज्यमंत्री ने कहा कि हमारे सभी घटक दल यूपी के विकास के लिए समर्पित हैं। बैठक में जब इस पर बात होती तो सभी घटक दल यूपी के विकास और अखिलेश से उत्तर प्रदेश को बचाने के लिए सीट शेयरिंग कर लेंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

