सीएम ममता ने किया केन्द्र सरकार को हिलाने का आह्वान
जगदीश यादव
आसनसोल/ कोलकाता 12 अप्रैल (आरएनएस)। सीएम ममता तूफानी अंदाज में चुनावी सभाएं कर रही है। टीएमसी प्रमुख ने आज एक दिन में बंगाल के चार जगहों खण्डघोष, ओंदा, छतना और आसनसोल के एडीडीए खेल मैदान में चुनावी सभाओं से मोदी सरकार पर हमला बोला। वहीं बंगाल के मतदाताओं को कथित तौर पर सतर्क करने के अंदाज में कहा कि, मतदान वाले दिन अगर कोई आपलोग को कुछ खाने को दे तो नहीं खाएं।
ममता बनर्जी ने लोगों को चेताते हुए कहा कि भाजपा चुनाव के दिन लोगों को नींद की दवाई मिली चाय और मिठाई देने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि इसे खाने के बाद लोग सो जाएंगे और बीजेपी उनके वोट चुरा लेगी। उन्होंने लोगों से कहा कि वो सतर्क रहें और ऐसी कोई चीज न लें। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज एक नए ‘संकल्पÓ की घोषणा की। इस संकल्प के तहत, पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव जीतने के बाद केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को सत्ता से हटाया जाएगा। बांकुड़ा जिले के ओंदा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा,हम बंगाल को जीतेंगे और दिल्ली से भाजपा सरकार को हटा देंगे। यही हमारा संकल्प है। बंगाली नववर्ष आने वाला है। बैशाख के पहले दिन, हम भाजपा को विदा करने का संकल्प लेंगे। इस दौरान सीएम ममता ने तृणमूल कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, हमने 1 करोड़ 30 लाख पक्के मकान बनाए हैं। इस बार हमारा संकल्प है कि भविष्य में, जितने भी कच्चे मकान हैं, उन सभी को हम पक्का बनाएंगे ताकि लोगों को रहने के लिए एक आसरा मिल सके। पानी के नल सभी घरों तक पहुंचेंगे। वे (भाजपा) चाहे कितना भी प्रचार कर लें और झूठ बोल लें, हमारी उपलब्धियां लोगों के सामने हैं।
टीएमसी प्रमुख ने यह भी कहा कि भाजपा चुनाव से पहले लोगों से किए गए वादों को पूरा करने में नाकाम रहती है। उन्होंने कहा कि हम जब भी कोई वादा करते हैं, तो उसे निभाते हैं। और वे धोखा देते हैं। वे चुनावों से पहले हर जगह जाते हैं और पैसे देने का वादा करते हैं। लेकिन चुनावों के नतीजे घोषित होने के बाद, वे कहीं नजर नहीं आते।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा, दिल्ली में चुनावों से पहले, उन्होंने (भाजपा) कहा था कि वे हर महिला को 3 हजार रुपए देंगे। उन्होंने अभी तक एक भी रुपया नहीं दिया है। वे बिहार में झूठ बोल रहे हैं। वे झूठ बोलकर महिलाओं को धोखा दे रहे हैं। उन्होंने कहा था कि वे उनके बैंक खातों में 8 हजार रुपए देंगे। उन्होंने चुनावों से पहले इसका वादा किया था। अगले ही दिन उन्होंने बुलडोजर चला दिया। उन्होंने देश को बर्बाद कर दिया है। बहुत से लोग अपना नाम कमाने के लिए बिहार गए थे। अब उन्हें समझ आ रहा है। महिलाएं कह रही हैं, हमें पैसे दो।
कुछ दिन पहले, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनाव प्रचार के लिए पश्चिम बंगाल आए थे और उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ एक ‘चार्जशीटÓ जारी की थी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रैली से भाजपा की इस ‘चार्जशीटÓ पर तंज कसा।
मुख्यमंत्री ने कहा, वे फिर से तृणमूल के खिलाफ चार्जशीट जारी कर रहे हैं। हमारी चार्जशीट आपके खिलाफ है। आपने देश को सताया है। आपने देश के संविधान को नष्ट कर दिया है। आपने माताओं, भाइयों और बहनों को सताया है। साथ ही पूर्व बद्र्धमान के खंडाघोष में आयोजित एक रैली में सीएम ममता ने कहा, वे दावा करते हैं कि बंगाल में आलू सड़ रहे हैं। फिर भी, जब बाढ़ आती है और जमीन बर्बाद हो जाती है, वहीं आप चैन की नींद सोते हैं, कुंभकर्ण की तरह खर्राटे लेते हैं। ऐसे समय में हम ही मदद पहुंचाते हैं। फसल बीमा का पैसा भी हम ही बांटते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

