प्रयागराज 13 अप्रैल (आरएनएस)। सोरांव थाना क्षेत्र के रैदेपुर गांव में एक दूध विक्रेता की नहर में बाइक गिरने से मौत हो गई। यह हादसा आज सुबह पिलखिन मंदिर के पीछे स्थित पुल के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रैदेपुर गांव निवासी राजेंद्र यादव (42) प्रतिदिन की तरह सुबह दूध दुहाने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही उनकी बाइक पिलखिन मंदिर के पीछे बने पुल के पास पहुंची, वह अचानक अनियंत्रित होकर सीधे नहर में जा गिरी। इस दुर्घटना में राजेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने शोर मचाया। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई।
परिजनों के अनुसार, राजेंद्र यादव अपने चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे और उनके परिवार का भरण-पोषण दूध बेचकर ही होता था। इस अचानक हुई घटना से परिवार में दुख का माहौल है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

