बालोद ,14 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र में एक 11 वर्षीय नाबालिग के साथ छेड़छाड़ के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब बच्ची आइसक्रीम खरीदने के लिए एक दुकान पर गई थी।
पुलिस के अनुसार, दुकान संचालक ने बच्ची को बहाने से अपने घर के भीतर बुलाया और उसके साथ अनुचित हरकत करने की कोशिश की। हालांकि, बच्ची ने सतर्कता और साहस का परिचय देते हुए खुद को आरोपी के कब्जे से छुड़ाया और सुरक्षित अपने घर पहुंच गई।
बच्ची ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन उसे लेकर पुरूर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी 56 वर्षीय रवि शंकर सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एएसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने यह भी कहा कि बच्ची की जागरूकता के कारण वह सुरक्षित बच सकी।
पुलिस द्वारा बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार स्कूलों में गुड टच-बैड टच जैसे विषयों पर अभियान चलाया जा रहा है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

