जशपुर,14 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। इस दौरान दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जो ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। जब्त गांजे की कीमत करीब 54 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि वाहन समेत कुल जब्ती लगभग 56 लाख रुपये बताई जा रही है। यह मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के संबलपुर से गांजे की बड़ी खेप छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू की।
दोपहर करीब 2 बजे एक संदिग्ध टोयोटा कार (ष्ठरु-3ष्टक्च-5298) को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक ने वाहन को तेज गति से भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया, जिसके दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले में फंस गई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।
वाहन की तलाशी में पुलिस को 7 प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखे गए 108 पैकेट गांजा मिले, जिनका कुल वजन 112 किलो 770 ग्राम था। आरोपियों के पास इस संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। पुलिस ने गांजा और वाहन को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीव कुमार नट (30 वर्ष), निवासी इटावा (उत्तर प्रदेश) और विजय पंडित (28 वर्ष), मूल निवासी वैशाली (बिहार) व वर्तमान में लोनावला, पुणे में रहने वाले के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि गांजा संबलपुर से खरीदा गया था और इसे उत्तर प्रदेश पहुंचाना था।
दोनों के खिलाफ पत्थलगांव थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(क्च)(2)(ष्ट) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

