रायपुर,14 अप्रैल (आरएनएस)। रायपुर में औषधि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नकली दवाओं के निर्माण और सप्लाई से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड इंदौर से जुड़ा बताया जा रहा है। विभाग के अनुसार, यह पहली बार है जब इस मामले में तीन लोगों को एक साथ पकड़ा गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में रोचक अग्रवाल, सुरेंद्र कुमार और खेमराम बानी (केशरवानी) शामिल हैं। सुरेंद्र कुमार उर्फ बंटी भाटापारा स्थित प्रकाश मेडिकल स्टोर्स का संचालक है। वहीं खेमराम केशरवानी पर नकली दवाओं की बिक्री का आरोप है।
जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि सारंगढ़ के एक होटल में सहायक औषधि नियंत्रक संजय नेताम की खेमराम के साथ बैठक हुई थी, जिस पर मामले को दबाने की कोशिश का आरोप लगाया जा रहा है।
विभाग का कहना है कि आरोपियों द्वारा बनाई और सप्लाई की गई दवाओं में असली केमिकल की जगह सिर्फ पाउडर का इस्तेमाल किया जाता था। औषधि विभाग की भाषा में ऐसी दवाओं को स्प्यूरियस ड्रग्स कहा जाता है।
इन दवाओं की सप्लाई दुर्ग, रायपुर और सारंगढ़ सहित कई क्षेत्रों में की जा रही थी। हालांकि, तीनों आरोपियों ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज कर दिया है।
सोमवार को तीनों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

