मुंगेली- बिलासपुर 14 April, (Rns) /- मुंगेली- बिलासपुर नेशनल हाईवे पर एक बार फिर तेज रफ्तार और खराब सड़क ने तीन जिंदगियां छीन लीं। जिला पंचायत धरमपुरा के पास एक अनियंत्रित कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि जरहागांव से भटगांव की ओर जा रहे तीन युवक बाइक पर सवार थे। हादसे में भटगांव निवासी राधेश्याम निर्मलकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आर्यन निर्मलकर और शुभम निर्मलकर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जरहागांव थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना 13 अप्रैल की है, जिसमें एक युवक भटगांव निवासी राधेश्याम निर्मलकर की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि दो अन्य जरहागांव निवासी आर्यन निर्मलकर और बिलासपुर निवासी शुभम निर्मलकर की मौत आज उपचार के दौरान हुई. उनका आरोप है कि निर्माणाधीन टोल नाके के पास सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे हादसों की मुख्य वजह हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार गड्ढों से बचने की कोशिश कर रहे थे, तभी यह भीषण दुर्घटना हुई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क की हालत सुधारने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है

