सिरसा 14 अप्रैल (आरएनएस)। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस द्वारा आरंभ की गई देशव्यापी योजना के तहत सिरसा में भी मंगलवार को महिलाओं को सैनेटरी पैड वितरित किए गए। जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष कृष्णा फौगाट की अध्यक्षता में स्थानीय जेजे कॉलोनी में गुरुद्वारा साहिब के समीप आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा शामिल हुई और करीब 200 महिलाओं को योजना के तहत सैनेटरी पैड वितरित किए। इस दौरान सांसद कुमारी सैलजा ने
कहा कि कांग्रेस महज एक राजनीतिक दल ही नहीं बल्कि एक सामाजिक दायित्व निभाने वाली संस्था भी है जो समय समय पर ऐसे आयोजन कर आमजन को लाभ प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस द्वारा आरंभ की गई प्रियदर्शनी उड़ान योजना के तहत मंगलवार को देशभर में ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं, बहनों को लाभान्वित किया जा रहा है। सांसद ने कहा कि आम महिलाओं, बहनों को लाभ प्रदान करने वाला यह कार्यक्रम वर्षभर जारी रहेगा। इससे पूर्व जिला महिला कांग्रेस की प्रधान कृष्णा फौगाट ने मुख्यातिथि सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा का गर्मजोशी से अभिनंदन किया और इस योजना के तहत महिलाओं, बहनों के स्वास्थ्य संबंधी चिंता करने के लिए सांसद सहित राष्ट्रीय महिला कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस योजना के धरातली क्रियान्वयन के लिए सांसद कुमारी सैलजा का अहम योगदान है जिन्होंने अढ़ाई लाख रुपए का अहम आर्थिक योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि जिला महिला कांग्रेस अपने शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में पहले भी आमजन की समस्याओं के लिए संघर्षरत रही है और भविष्य में भी भाजपा की कुनीतियों के खिलाफ संसद से सडक़ तक संघर्षरत रहेगी। इस अवसर पर योजना के तहत लाभान्वित हुई महिलाओं ने कांग्रेस नेत्रियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला महिला कांगे्रस से जुड़ी अनेक महिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

