सिरसा 14 अप्रैल (आरएनएस)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) द्वारा जोन स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कर पार्टी स्थापना दिवस एवं भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके महान विचारों को स्मरण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बसपा जिलाध्यक्ष रामधन चौटाला ने कहा कि बाबा साहब ने समाज के वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों को उनके अधिकार दिलाने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया और भारतीय संविधान के माध्यम से देश में समानता, स्वतंत्रता और न्याय की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के अधूरे मिशन को आगे बढ़ाने का कार्य यदि किसी ने मजबूती से किया, तो वे मान्यवर कांशीराम थे। उन्होंने 14 अप्रैल 1984 को बहुजन समाज पार्टी की स्थापना कर बहुजन समाज को राजनीतिक शक्ति बनाने का मार्ग प्रशस्त किया। बसपा प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रेम सिंह राठी ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले द्वारा शुरू किया गया बहुजन आंदोलन, शाहूजी महाराज के मार्गदर्शन तथा बाबा साहब अंबेडकर के नेतृत्व में सशक्त हुआ। बाबा साहब ने समाज में व्याप्त विषमताओं को समाप्त कर समतामूलक व्यवस्था स्थापित करने का कार्य किया।
उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहब अंबेडकर ने तीन महत्वपूर्ण कार्य विषमतावादी व्यवस्था का विरोध एवं मनुस्मृति का दहन, संविधान के माध्यम से समतावादी व्यवस्था की स्थापना, 14 अक्टूबर 1956 को बौद्ध धर्म अपनाकर आत्मसम्मान का संदेश देना किए। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब के अधूरे मिशन—जैसे जाति का विनाश, बहुजन समाज को संगठित कर सत्ता में भागीदारी सुनिश्चित करना तथा प्रबुद्ध भारत का निर्माण आज भी प्रासंगिक हैं और इन्हें पूरा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस दौरान मान्यवर कांशीराम के विचारों को भी याद करते हुए उनके बहुजन आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने, बहुजन समाज को जागरूक एवं संगठित करने तथा पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। अंत में सभी ने एकजुट होकर सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सिरसा विधानसभा अध्यक्ष रामकुमार बेगू, कालांवाली विधानसभा अध्यक्ष जसवंत सिंह, ऐलनाबाद विधानसभा अध्यक्ष लाल चंद माधोसिंघाना, डबवाली विधानसभा अध्यक्ष महेंद्र सिंह रत्ताखेड़ा, जिला महासचिव रामनिवास जोधकां, भोला सिंह रानिया, गोल्डन प्रिंस सिरसा, राजपाल बाजेकां, सुभाष (ऐलनाबाद) सचिव, सुभाष मैहरा जमाल, सुभाष खारियां, अनीश राजाखेड़ा, प्रिंस लखपति सिरसा, सोनू सिरसा, बिनोद चौटाला, जालोर सिंह कालावाली सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

