सुलतानपुर 14 अप्रैल (आरएनएस)। भारत रत्न संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जनपद सुलतानपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर चारु निगम और जिलाधिकारी सुलतानपुर कुमार हर्ष ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थलों और जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का गहन जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित पुलिस व प्रशासनिक कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी कार्यक्रम आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ सम्पन्न कराए जाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रशासन के इस सक्रिय रवैये से जनपद में अम्बेडकर जयंती के कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

