पालिकाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने किया लोकार्पण
सुलतानपुर 14 अप्रैल (आरएनएस)। नगर पालिका परिषद द्वारा जनहित में एक बड़ी पहल करते हुए वार्ड सीताकुण्ड स्थित शमशान घाट का भव्य जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कराया गया। आज 14 अप्रैल 2026 को पालिकाध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल व पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सीताशरण त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति में इसका लोकार्पण किया।
पालिकाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने बताया कि लगभग 42 लाख रुपये की लागत से इस पुराने और जर्जर शमशान घाट को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। अब यहां आने वाले लोगों को बेहतर और सम्मानजनक सुविधाएं मिलेंगी। इस नवीनीकरण कार्य के तहत नए सीढ़ीयुक्त घाट का निर्माण, भगवान भोलेनाथ प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण, शेड एवं अन्त्येष्टि स्थल का पुनरोद्धार, स्नान घर का निर्माण, आरओ युक्त वाटर कूलर की व्यवस्था इतना ही नहीं, नगर पालिका द्वारा विद्युत संचालित मानव शवदाह गृह का प्रस्ताव भी रखा गया है, जिससे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया और अधिक सुविधाजनक व आधुनिक हो सकेगी। कार्यक्रम में बोलते हुए डॉ. सीताशरण त्रिपाठी ने कहा कि यह शमशान घाट पहले बेहद जर्जर स्थिति में था, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती थी। पालिकाध्यक्ष द्वारा कराया गया यह कार्य सराहनीय है और इससे आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी। कार्यक्रम के समापन पर पालिकाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए बाबा साहब के योगदान को याद किया और उनके विचारों को प्रेरणास्रोत बताया। नगर पालिका द्वारा लगातार शहर में विकास कार्य जैसे तालाब, घाट, पेयजल, जलनिकासी और सड़कों का निर्माण तेजी से कराए जा रहे हैं। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, सभासद एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

