कलान/सुल्तानपुर 14 अप्रैल (आरएनएस)। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत लगभग पाँच किलोमीटर लंबी जन जागरण रैली से हुई।
रैली की अगुआई बाबा साहेब अम्बेडकर, चंद्र शेखर आजाद, महात्मा गांधी और पंडित जवाहर लाल नेहरू की प्रतिकृतियों में सजे उत्साही बच्चों ने की। विद्यालय से प्रारंभ होकर रैली रायपुर, बीबीगंज, दनापुर तथा कलान के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए जन-जागरण का संदेश देते हुए वापस विद्यालय परिसर में समाप्त हुई। रैली में शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ कार्यक्रम में सक्रिय प्रतिभाग किया। रैली के उपरांत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम को प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष सिंह, श्री संतोष त्रिपाठी, श्री ओम प्रकाश दिनकर सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। उन्होंने बाबा साहेब के जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व तथा सामाजिक न्याय, समानता और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। समारोह के समापन पर सभी बच्चों में मिष्ठान्न वितरित किया गया। यह आयोजन विद्यालय परिवार द्वारा बाबा साहेब के आदर्शों को युवा पीढ़ी तक पहुँचाने तथा सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास रहा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

