भोपाल 14 अप्रैल (आरएनएस)।जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में शराब दुकान के बाहर मामूली विवाद के बाद दो बदमाशों ने कट्टे से हवाई फायर कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अरविंद लोट नगर निगम में पदस्थ हैं। वे दोपहर में अपने परिचित की नमकीन दुकान पर बैठे थे, जो बरखेड़ी स्थित शराब दुकान के बाहर है। इसी दौरान आसिम उर्फ डमरू अपने साथी के साथ दुकान पर पहुंचा और सामान खरीदा।सामान लेने के बाद किसी बात को लेकर अरविंद और आरोपियों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढऩे पर आसिम ने अपने पास रखे कट्टे से हवाई फायर कर दिया। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे कैमरों के फुटेज खंगाले, जिनमें आरोपी फायरिंग करते नजर आए। पुलिस ने देर रात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

