नईदिल्ली, 15 अपै्रल। टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन इन दिनों आईपीएल 2026 में बिजी हैं. वो इस साल चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल रहे हैं. उससे पहले संजू ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने मार्च महीने का आईसीसी मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड जीत लिया है.
आईसीसी ने उनको ये अवॉर्ड टी20 वर्ल्ड कप 2026 के नॉकआउट मैचों में शानदार प्रदर्शन के लिए दिया है. यह पहली बार है जब सैमसन ने यह प्रतिष्ठित खिताब जीता है. सैमसन, टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत बेंच पर बैठकर की थी, लेकिन जब उन्हें प्लेइंग-11 में शामिल किया गया तो फिर उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ एक करो या मरो वाले सुपर एट्स मुकाबले में 97 रन की नाबाद पारी खेली.
उसके बाद संजू ने मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल और अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में भी 89-89 रन बनाए. उनके प्रयासों की बदौलत भारत अपनी धरती पर ही खिताब बचाने में सफल रहा, और सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड मिला.
आईसीसी के हवाले से सैमसन ने कहा, आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड जीतना एक अविश्वसनीय एहसास है, खासकर इसलिए क्योंकि यह मेरे क्रिकेट करियर के सबसे यादगार दौर में मिला है. टी20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत में योगदान देना सचमुच एक सपना सच होने जैसा था, और उस पल की अहमियत को पूरी तरह से समझने में मुझे थोड़ा समय लगा.
उन्होंने आगे कहा, यह भारतीय क्रिकेट के लिए एक रोमांचक दौर है, जिसमें हर तरफ जबरदस्त प्रतिभा मौजूद है. मुझे मिले मौकों के लिए, और अपने साथियों व कोचिंग स्टाफ के भरोसे और समर्थन के लिए मैं आभारी हूं, जिनकी वजह से मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाया.
संजू सैमसन ने ये अवॉर्ड तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन को पछाड़कर हासिल किया. बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अहम भूमिका निभाते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में चार विकेट लिए थे, जबकि दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज ने टी20 वर्ल्ड कप के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों में 200 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया था.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

