भोपाल 15 अप्रैल (आरएनएस)।बजरिया इलाके में एक महिला के लिव इन पार्टनर ने उसकी छह साल की बेटी का अपहरण कर लिया। पुलिस ने पूरे मामले में पड़ताल की तो पता चला कि वह बच्ची को अगवा कर अपने साथ यूपी के सीतापुर लेकर जा रहा है।
पुलिस टीम ने उसे यूपी जीआरपी की मदद से उरई रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से पकड़ लिया और बच्ची को दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पीडि़त महिला द्वारका नगर में रहती है। उसकी छह साल की बच्ची है, जबकि उसके पति की मौत हो चुकी है। करीब डेढ़ साल से वह शंकर राजपूत नामक व्यक्ति के साथ लिव इन में रह रही थी। मंगलवार दोपहर उसका लिव इन पार्टनर उसकी छह साल की मासूम बच्ची को अगवा कर अपने साथ ले गया था।
महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत की। जांच में सामने आया कि आरोपी युवक यूपी के सीतापुर का रहने वाला है। पुलिस ने घेराबंदी की तो पता चला कि वह प्रतापगढ़ एक्सप्रेस से बच्ची को लेकर सीतापुर जा रहा है।
पुलिस ने यूपी जीआरपी पुलिस से संपर्क किया और आरोपी युवक को उरई रेलवे स्टेशन पर ट्रेस कर पकड़ लिया। पुलिस की टीम बुधवार सुबह बच्ची और आरोपी युवक को लेकर भोपाल पहुंची। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि वह बच्ची को लेकर अपने साथ क्यों जा रहा था।

