भोपाल 15 अप्रैल (आरएनएस)।डॉक्टर मनोज वर्मा से 11 तोले का सोने का कड़ा लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लूट की मास्टर माइंड डॉक्टर की महिला मित्र निकली। पुलिस ने इस महिला सहित वारदात को अंजाम देने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से 17 लाख रुपए कीमत का 11 तोला वजनी सोने का कड़ा, स्मार्ट वॉच और ढाई हजार रुपए नकद जब्त कर लिए हैं।
पुलिस के मुताबिक फरियादी डॉक्टर महिला मित्र पर बात करने का दबाव बनाते थे। महिला उनसे दूर होना चाहती थी, सबक सिखाने की नीयत से महिला ने पूरी वारदात प्लान की थी। एक युवक का ब्रेन वाश कर डॉक्टर को पिटवाने के लिए मना लिया। बाद में महिला ने ही बताया कि डॉक्टर हाथ में लाखों रुपए का कड़ा पहनता है, उसे भी लूट लेना। युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस कमिश्नर संजय सिंह के मुताबिक अपराध के पीछे मुख्य साजिशकर्ता आलिया खान थी। आलिया राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग व अपराध नियंत्रण ब्यूरो की ज्वाइंट सेक्रेटरी के पद पर रही है और डॉक्टर की जान-पहचान की महिला मित्र थी। दोनों बोट क्लब पर एक साथ योगा करते थे और दो साल से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों के बीच दोस्ती थी, पिछले कुछ समय से आलिया डॉक्टर मनोज वर्मा को नजर अंदाज करने लगी थी।
डॉक्टर उससे बात करना चाहते थे। इससे तंग आलिया ने उन्हें सबक सिखाने का प्लान बनाया। आलिया को डॉक्टर के पास मौजूद कीमती सामानों के साथ-साथ उनकी रोजमर्रा की गतिविधियों की भी पूरी जानकारी थी। पैसे के लालच में आकर आलिया ने 22 वर्षीय काजीकैंप निवासी अर्शान खान के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। इस योजना में अर्शान ने दोस्त अदनान खान और मोहम्मद मुदस्सर को भी शामिल कर लिया। तीनों युवकों ने पहले डॉक्टर को टक्कर मारकर गिराया, उनकी आंख में मिर्च झोंकी और 11 तोला वजनी सोने का कड़ा और नकदी सहित लूट कर ली।

