नईदिल्ली, 16 अपै्रल। बांग्लादेश क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज रुबेल हुसैन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 36 वर्षीय रुबेल ने बुधवार को अपने फेसबुक अकांउट पर लिखा कि वह बांग्लादेश के लिए खेले गए 159 मैचों के अपने करियर को समाप्त कर रहे हैं। रुबेल ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच अप्रैल 2021 में ऑकलैंड में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। उसके बाद से चोटों के कारण उनकी भागीदारी सीमित होती गई।
रुबेल ने फेसबुक पर लिखा, मैं तेज गेंदबाज रुबेल हुसैन हूं। मैंने बांग्लादेश के लिए 27 टेस्ट, 104 वनडे और 28 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। राष्ट्रीय टीम मेरा जुनून है, लेकिन एक समय सभी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट छोडऩा पड़ता है। मैंने भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। हालांकि, मैं घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखना चाहता हूं। मेरे परिवार, दोस्तों, मीडियाकर्मियों और प्रशंसकों को धन्यवाद। मुझे विश्वास है कि आप हमेशा मेरा समर्थन करते रहेंगे।
रुबेल वनडे डेब्यू पर 4 विकेट लेने वाले पहले बांग्लादेशी गेंदबाज हैं। उन्होंने 2009 में श्रीलंका क्रिकेट के खिलाफ 33 रन देकर 4 विकेट चटकाते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इसी तरह उन्होंने वनडे विश्व कप 2015 में इंग्लैंड के खिलाफ चार गेंदों के अंतराल में इयान बेल और कप्तान इयोन मॉर्गन को आउट करने के बाद स्टुअर्ट ब्रॉड और जेम्स एंडरसन को पवेलियन भेजा था। उन्होंने 53/4 के आंकड़ों से टीम को जीत दिलाई थी।
रुबेल ने जनवरी 2009 में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। उन्होंने बांग्लादेश के लिए 27 टेस्ट मैचों में 76.77 के औसत से 36 विकेट लिए हैं। 5/166 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। वह 104 वनडे में 34.31 की औसत से 129 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उन्होंने 7 बार 4 और एक बार 5 विकेट हॉल लिया है। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/26 का रहा है। उन्होंने 28 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी 28 विकेट अपने नाम किए हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

