लखनऊ 16 अप्रैल,(आरएनएस ) । लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के थाना पीजीआई पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।पुलिस के अनुसार 6 अप्रैल 2026 को वादी इसरार अहमद, निवासी कैम्पबेल रोड बालागंज, द्वारा थाना पीजीआई में लिखित तहरीर दी गई थी। उन्होंने बताया कि 5 अप्रैल 2026 को रायबरेली रोड स्थित उनकी मोबाइल की दुकान, सिंध बेकरी के पास, के बाहर खड़ी उनके मित्र की मोटरसाइकिल को अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया था। इस सूचना के आधार पर थाना पीजीआई में मुकदमा संख्या 188/2026 धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।घटना के अनावरण के लिए उपनिरीक्षक पंकज नायक अपनी पुलिस टीम के साथ वृंदावन योजना, चिरैया बाग और उतरेठिया गांव सहित विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति उतरेठिया पुल के नीचे खड़ा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम दुर्गेश रावत उर्फ बाबू, निवासी कटहरीबाग नीलमथा थाना कैण्ट, लखनऊ, उम्र लगभग 24 वर्ष बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल (हीरो बाइक, वाहन संख्या यूपी-30-यू-9866) बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर अभियुक्त को विधिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया और मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई।पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए मौका पाकर मोटरसाइकिल चोरी करता था। उसने बताया कि उक्त मोटरसाइकिल को उसने लगभग दस दिन पूर्व उतरेठिया बाजार क्षेत्र से चोरी किया था और उसे बेचने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार अभियुक्त मजदूरी का कार्य करता है, लेकिन नशे की लत के कारण अपराध की ओर प्रवृत्त हो गया।पुलिस अभिलेखों के अनुसार अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध थाना मोहनलालगंज, विकासनगर, सुशांत गोल्फ सिटी और कैण्ट थानों में चोरी, लूट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।इस पूरी कार्रवाई को थाना पीजीआई पुलिस टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया, जिसमें उपनिरीक्षक पंकज नायक, उपनिरीक्षक अर्पित सिंह, कांस्टेबल संदीप यादव और कांस्टेबल शैलेश कुमार की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

