लखनऊ 16 अप्रैल (आरएनएस ) । लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के थाना सुशान्त गोल्फ सिटी पुलिस ने मंदिर की दान पेटी तोड़कर चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से दान पेटी से चोरी किए गए रुपये तथा दान पेटी बरामद की है।पुलिस के अनुसार 16 अप्रैल 2026 को वादी रामभजूराय, निवासी आदर्श नगर नीलमथा, लखनऊ द्वारा थाना सुशान्त गोल्फ सिटी में लिखित तहरीर दी गई थी कि अभियुक्त दीपांशु उर्फ मोगली द्वारा शिव दुर्गा मंदिर हबीरपुर में रखी दान पेटी को तोड़कर उसमें रखे रुपये चोरी कर लिए गए। इस सूचना के आधार पर थाना सुशान्त गोल्फ सिटी में मुकदमा संख्या 230/2026 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय लोगों के सहयोग से अभियुक्त दीपांशु रावत उर्फ मोगली, निवासी हबीरपुर हरिहरपुर थाना सुशान्त गोल्फ सिटी, लखनऊ, उम्र लगभग 25 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से दान पेटी से चोरी किए गए 1605 रुपये तथा दान पेटी बरामद की गई। पुलिस ने अभियुक्त को विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष रिमाण्ड हेतु प्रस्तुत किया है।पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह मजदूरी का कार्य करता है तथा नशे की लत को पूरा करने के लिए उसने मंदिर से चोरी की घटना को अंजाम दिया। उसने पुलिस के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी।पुलिस अभिलेखों के अनुसार अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम तथा चोरी से संबंधित मामलों में थाना सुशान्त गोल्फ सिटी में कई मुकदमे दर्ज हैं।इस पूरी कार्रवाई को थाना सुशान्त गोल्फ सिटी पुलिस टीम ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धार्मिक स्थलों सहित सार्वजनिक स्थानों पर चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए सतर्कता बढ़ाई जा रही है तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

