लखनऊ, 16 अप्रैल (आरएनएस ) । अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल 17 अप्रैल 2026 को नोएडा जनपद गौतमबुद्धनगर का दौरा करेगा। प्रतिनिधिमंडल वहां मजदूरों और श्रमिकों पर हुए कथित लाठीचार्ज की घटना की जानकारी लेगा तथा प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों से मुलाकात करेगा।बताया गया है कि नोएडा में मजदूरों और श्रमिकों से 10 से 11 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन पर 10 से 12 घंटे तक कार्य कराया जा रहा था और उन्हें साप्ताहिक अवकाश भी नहीं दिया जा रहा था। श्रमिक लंबे समय से वेतन वृद्धि और अतिरिक्त कार्य के एवज में ओवरटाइम भुगतान की मांग कर रहे थे। इसी क्रम में नोएडा फेस-2 स्थित मदरसन इंडिया लिमिटेड के कर्मचारियों ने वेतनमान बढ़ाने की मांग को लेकर कंपनी के बाहर शांतिपूर्वक धरना दिया था।
समाजवादी पार्टी के अनुसार धरना दे रहे श्रमिकों पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया, जिससे मजदूरों और श्रमिकों में आक्रोश फैल गया। पार्टी ने इस घटना को गंभीर बताते हुए इसकी वास्तविक स्थिति जानने और प्रभावित परिवारों से संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से प्रतिनिधिमंडल भेजने का निर्णय लिया है।प्रतिनिधिमंडल में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, विधायक एवं पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर, विधायक एवं पूर्व मंत्री कमाल अख्तर, विधायक अतुल प्रधान, विधायक पंकज कुमार मलिक, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राज कुमार भाटी, जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी, महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता, पूर्व एमएलसी शशांक यादव, प्रदेश सचिव फकीर चन्द्र नागर, विशेष आमंत्रित सदस्य वीर सिंह यादव तथा पूर्व प्रत्याशी सुनील चौधरी शामिल रहेंगे।समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों के अनुसार प्रतिनिधिमंडल मजदूरों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुनेगा और पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेगा, जिसके आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

