लखनऊ 16 अप्रैल (आरएनएस )। राजधानी के विकास नगर क्षेत्र में 15 अप्रैल की शाम लगभग 5:30 बजे भीषण आग लगने से 760 झोपडिय़ां जलकर राख हो गईं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दे दी गई थी, लेकिन रात करीब 7:30 बजे तक कोई दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंचा। लोगों का कहना है कि जब तक दमकल की गाडिय़ां पहुंचीं, तब तक सैकड़ों झोपडिय़ां पूरी तरह जल चुकी थीं।घटना की सूचना मिलने पर रविदास मेहरोत्रा, विधायक लखनऊ मध्य, मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। पीडि़तों से बातचीत के बाद उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जहां आग लगी, वहां से फायर ब्रिगेड कार्यालय की दूरी मात्र पांच मिनट की है, इसके बावजूद दमकल की गाडिय़ां दो घंटे तक मौके पर नहीं पहुंचीं। उनका कहना था कि यदि समय पर राहत कार्य शुरू हो जाता, तो बड़ी संख्या में झोपडिय़ों को बचाया जा सकता था।विधायक ने यह भी दावा किया कि इस अग्निकांड में कई लोगों की मौत हुई है, लेकिन प्रशासन इन मौतों को छिपाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आग लगने के बाद रातभर प्रभावित लोगों को अपनी झोपडिय़ों में जाने की अनुमति नहीं दी गई, जिससे वे अपना जरूरी सामान नहीं निकाल सके। सुबह जब लोगों को अंदर जाने दिया गया, तब तक उनका अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था और आभूषण सहित अन्य कीमती वस्तुएं भी नहीं बच सकीं।पीडि़त परिवारों ने बताया कि उनके बर्तन, कपड़े, राशन और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं पूरी तरह जल गईं, जिससे उनके सामने जीवन यापन का संकट खड़ा हो गया है। विधायक ने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों के लिए न तो टेंट की पर्याप्त व्यवस्था की गई और न ही भोजन-पानी का समुचित इंतजाम किया गया। इस बीच समाजवादी पार्टी की ओर से राहत सामग्री, खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक संसाधन पीडि़त परिवारों को उपलब्ध कराए गए।रविदास मेहरोत्रा ने मांग की कि इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा जिन परिवारों की झोपडिय़ां जलकर नष्ट हुई हैं, उन्हें कम से कम 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। साथ ही सभी प्रभावित परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने या उसी स्थान पर मालिकाना हक दिए जाने की मांग भी उन्होंने उठाई। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडि़तों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर विधानसभा तक संघर्ष करेगी।घटना के बाद समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता एवं चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. आशुतोष वर्मा द्वारा टेढ़ी पुलिया अग्निकांड पीडि़तों के लिए नि:शुल्क मेडिकल कैंप भी लगाया गया, जिसमें प्रभावित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक दवाएं वितरित की गईं।बताया गया कि अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। पार्टी के प्रवक्ता फखरूल हसन चांद, महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह, अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कन्हैया पाल, समाजवादी नेत्री शर्मिला महाराज, लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव प्रवेश कुमार यादव तथा समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिव शंकर लोधी सहित अन्य नेताओं ने मौके पर पहुंचकर पीडि़त परिवारों को कपड़े, भोजन और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

