परिजनों ने मुआवजा व कार्रवाई की मांग को लेकर किया विरोध
प्रशासन के समझाने पर हुआ दाह संस्कार
बल्दीराय/सुल्तानपुर 16 अप्रैल (आरएनएस )। थाना क्षेत्र के बिघौली गांव में तेरहवीं कार्यक्रम के दौरान हुई फायरिंग में घायल दिलीप कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को गांव में तनावपूर्ण माहौल के बीच प्रशासन की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार कराया गया।
जानकारी के अनुसार 9 अप्रैल की रात तेरहवीं निमंत्रण को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपियों ने फायरिंग कर दी। इस घटना में दिलीप कुमार सहित पांच लोग घायल हो गए थे। गंभीर हालत में दिलीप को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था, जहां 16 अप्रैल को उनकी मौत हो गई। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी, बुलडोजर कार्रवाई, 50 लाख रुपये मुआवजा, सरकारी नौकरी और शस्त्र लाइसेंस की मांग को लेकर अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार गुलाब सिंह व क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने परिजनों से वार्ता की। अधिकारियों के आश्वासन और काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन माने और अपनी मांगों को लिखित रूप में सौंपते हुए अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि मामले में मृत्योपरांत धारा 302 बढ़ा दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं नायब तहसीलदार ने कहा कि पीडि़त परिवार की मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटन के बाद गांव में तनाव को देखते हुए बल्दीराय, धनपतगंज सहित कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

