सुल्तानपुर 16 अप्रैल (आरएनएस)। करौंदीकला विकास खंड की ग्राम पंचायत कम्मरपुर में शासकीय धनराशि के कथित अनियमित भुगतान का मामला अब प्रशासनिक कार्रवाई तक पहुंच गया है। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। कम्मरपुर निवासी धर्मेन्द्र कुमार तिवारी ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कर ग्राम पंचायत में सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया। शिकायत में कहा गया कि ग्राम प्रधान ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपने करीबी व्यक्ति की फर्म को नियमों के विरुद्ध भुगतान कराया। प्रारंभिक जांच में ग्राम प्रधान मनोज तिवारी की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम पंचायत के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकारों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। डीपीआरओ ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उपायुक्त (स्वत: रोजगार) सुल्तानपुर और अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

