कुशीनगर, 16 अप्रैल (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने हेतु संचालित मिशन शक्ति फेज-05 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसके क्रम में समाज कल्याण, गृह, खेल, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, बाल विकास पुष्टाहार, चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 40 महिलाओं को अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विकास भवन के सभागार में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष की उपस्थिति में आयोजित अनंता कार्यक्रम एवं हक की बात जिलाधिकारी के साथ का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों में समाज कल्याण, गृह, खेल, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, बाल विकास पुष्टाहार, चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 40 महिलाओं को अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया तथा उन्हें उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उपस्थित सभी छात्राओं को लक्ष्य प्राप्ति हेतु मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं एवं छात्राओं को महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा जागरूकता हेतु पम्पलेट वितरित किए गए। साथ ही पुलिस विभाग द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए उनके उपयोग के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रोबेशन अधिकारी ने किया। कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग से जिला मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह, परियोजना कोऑर्डिनेटर अभिषेक सिंह, मानस मिश्रा काउंसलर श्रीमती रीता यादव एवं अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

