कुशीनगर, 16 अप्रैल (आरएनएस)। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित अनुसूचित जनजाति बालिका यूनिफार्म एवं साइकिल योजना के अंतर्गत पडरौना नगर स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में 17 छात्राओं, बालिकाओं में साइकिल वितरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार पढ़ेंगी बेटियां, बढ़ेंगी बेटियां के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण एवं बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जो वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव ने विभाग द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं में छात्रवृत्ति योजना, अनुसूचित जनजाति बालिका यूनिफार्म एवं साइकिल योजना, सामूहिक विवाह योजना, धरती आभा योजना एवं जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों, विशेषकर बालिकाओं को शिक्षा एवं आत्म निर्भरता की ओर प्रेरित करना है। कार्यक्रम में छात्राओं के अभिभावक, संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, जिला विद्यालय निरीक्षक के प्रतिनिधि, अन्य अधिकारी- कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

