स्कूली बच्चों और अभिभावकों की बढ़ी मुश्किलें
प्रयागराज 16 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में बीते एक सप्ताह से पड़ रही तेज गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। सुबह से ही कड़ी धूप पडऩे लगती है और ऐसा महसूस होता है मानो आसमान से आग बरस रही हो। अप्रैल महीने में ही तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है और पिछले तीन दिनों से पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है।
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा छाया रहता है। जो लोग बाहर निकलते भी हैं, वे धूप से बचने के लिए गमछा, छाता और पेड़ों की छांव का सहारा लेते नजर आते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। दोपहर में छुट्टी होने के कारण बच्चों को तेज धूप में घर लौटना पड़ रहा है, जिससे वे काफी परेशान दिख रहे हैं। अभिभावक भी बच्चों को लेने जाते समय धूप से बचने की कोशिश करते नजर आए।
बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए अभिभावक कई उपाय कर रहे हैं। कोई बच्चों को टोपी और छाता दे रहा है, तो कोई पानी की बोतल, ग्लूकोज और फुल स्लीव कपड़े पहनाकर स्कूल भेज रहा है। वहीं, कुछ बच्चों ने स्कूल की टाइमिंग बदलने और परिसर में वाटर कूलर की व्यवस्था करने की मांग की है। बच्चों का कहना है कि तेज धूप में उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
मौसम विभाग के अनुसार तापमान लगातार बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

