लखनऊ 16 अप्रैल (आरएनएस )। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ने सोशल मीडिया पर प्रसारित एसडीओ अमित कुमार के कथित वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार से वार्ता कर मामले की गहन जांच कराते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।मंत्री के निर्देशों के अनुपालन में प्रबंध निदेशक शंभू कुमार द्वारा उपखंड अधिकारी (एसडीओ) अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।इस संबंध में मुख्य अभियंता, आजमगढ़ द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद मऊ के डिवीजन प्रथम में तैनात एसडीओ द्वितीय अमित कुमार के विरुद्ध वायरल आपत्तिजनक वीडियो के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई है। साथ ही प्रकरण की विभागीय जांच भी जारी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।मंत्री ने स्पष्ट कहा कि इस प्रकार के प्रकरण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शासन की छवि को धूमिल करने वाले तथा अनुशासनहीनता में लिप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था में अनुशासन और पारदर्शिता बनी रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

