लखनऊ, 16 अप्रैल (आरएनएस ) थाना गाजीपुर पुलिस की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए 10 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया। बरामद मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है।यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) के कुशल पर्यवेक्षण, अपर पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) एवं सहायक पुलिस आयुक्त गाजीपुर के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक थाना गाजीपुर के नेतृत्व में की गई। थाना क्षेत्र के विभिन्न व्यक्तियों द्वारा खोए हुए मोबाइल फोनों के संबंध में दिए गए प्रार्थना पत्रों के आधार पर साइबर हेल्पडेस्क टीम ने तकनीकी माध्यम से मोबाइल फोन को ट्रेस किया।पुलिस के अनुसार टीम ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोनों की लोकेशन ट्रेस की, जो लखनऊ सहित अन्य जनपदों में पाई गई। साइबर टीम के अथक प्रयास, तकनीकी दक्षता एवं आपसी समन्वय से कुल 10 मोबाइल फोन बरामद कर थाना गाजीपुर पर मंगवाए गए तथा विधिवत उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए।मोबाइल प्राप्त करने वाले नागरिकों में संजय सिंह, राहुल कश्यप, अनूप श्रीवास्तव, आदित्य यादव, सनी कश्यप, प्रियंका त्रिपाठी, प्रदीप कुमार यादव, दीपक कुमार लोधी, प्रहलाद प्रसाद तथा अजय कुमार शामिल रहे। सभी लाभार्थियों ने अपना खोया मोबाइल वापस पाकर प्रसन्नता व्यक्त की तथा पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की सराहना की।बरामद किए गए मोबाइल फोन में वीवो, ओप्पो, रेडमी, रियलमी, सैमसंग, टेक्नो और इंफिनिक्स कंपनियों के विभिन्न मॉडल शामिल हैं। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अभिषेक वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक आमिर अली खान, कांस्टेबल गौरव शर्मा, कांस्टेबल अरविन्द यादव तथा महिला कांस्टेबल पूजा शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक तकनीक और साइबर उपकरणों के माध्यम से आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस प्रकार की कार्रवाई पुलिस की सक्रियता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है तथा आमजन के विश्वास को और मजबूत करती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

