लखनऊ 16 अप्रैल (आरएनएस )। राजधानी में चेन छिनैती की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के थाना आलमबाग पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से दो घटनाओं से संबंधित चेन के टुकड़े तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद की है।यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त लखनऊ अमरेन्द्र सिंह सेंगर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त (मध्य) विक्रान्त वीर के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस उपायुक्त (मध्य) जितेन्द्र दुबे तथा सहायक पुलिस आयुक्त कैण्ट अभय प्रताप मल्ल के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक राम बाबू सिंह, थाना आलमबाग के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम एवं सर्विलांस टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई।पुलिस के अनुसार 9 अप्रैल 2026 को दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के पास ऑटो रिक्शा में यात्रा कर रही एक महिला के साथ चेन छिनैती की घटना हुई थी। पीडि़ता नैला कुरील ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह ऑटो से आलमबाग की ओर जा रही थीं, तभी दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के पास एक व्यक्ति ऑटो से उतरा और झपट्टा मारकर उनके गले से पीली धातु की चेन छीनकर पास में खड़ी स्कूटी से फरार हो गया। घटना के दौरान चेन का आधा हिस्सा टूटकर पीडि़ता के पास ही रह गया था।घटना के बाद थाना आलमबाग पर मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस ने जांच शुरू की। सर्विलांस और पुलिस टीम के संयुक्त प्रयास से घटना का सफल अनावरण करते हुए 16 अप्रैल 2026 को प्रात: लगभग 3:20 बजे टुनटुनिया फाटक के पास से अभियुक्त मोहम्मद कैश, निवासी वर्तमान पता मुस्लिम टोला, गढ़ी कनौरा थाना आलमबाग, को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना से संबंधित लगभग 2 ग्राम वजनी पीली धातु की चेन का टुकड़ा तथा घटना में प्रयुक्त नीले रंग की स्कूटी (वाहन संख्या यूपी-32-एमए-8641) बरामद की गई। इसके अतिरिक्त थाना नाका में दर्ज एक अन्य चेन छिनैती मामले से संबंधित लगभग 5 ग्राम वजनी चेन का टुकड़ा भी बरामद हुआ है। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त एक शातिर और अभ्यस्त अपराधी है, जो त्वरित आर्थिक लाभ के उद्देश्य से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाकर योजनाबद्ध तरीके से चेन छिनैती की घटनाओं को अंजाम देता था। घटना को अंजाम देने के बाद वह तत्काल वाहन का उपयोग कर मौके से फरार हो जाता था। अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी थाना नाका में इसी प्रकार के अपराध का मुकदमा दर्ज है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए विशेष अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को पुलिस और सर्विलांस टीम की सतर्कता एवं तकनीकी दक्षता का परिणाम बताया गया है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

